आज शाम 6 बजे से न रैली, न सभा... 48 घंटे के लिए शराब की दुकानें भी बंद; जानिए राजस्थान में क्या हुआ?
राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण के तहत जयपुर समेत कई जिलों में आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। इन क्षेत्रों में 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए सार्वजनिक अवकाश और 48 घंटे का 'ड्राय-डे' लागू किया गया है। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए 8 सितंबर को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।
राजस्थान में पहले चरण के नगरीय निकाय चुनावों (नगर निगम, नगर परिषद, और नगर पालिका) का रण अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। जयपुर समेत प्रदेश के जिन जिलों में पहले फेज की वोटिंग होनी है, वहां आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार का शोर पूरी तरह से थम जाएगा। आइए जानते हैं मतदान, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और छुट्टियों से जुड़ी पूरी डिटेल।
आज शाम 6 बजे से रैलियों और सभाओं पर रोक
राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आज शाम 6 बजे के बाद कोई भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल न तो कोई चुनावी रैली निकाल सकेगा और न ही किसी प्रकार की जनसभा का आयोजन कर सकेगा। हालांकि, प्रत्याशियों को व्यक्तिगत रूप से घर-घर जाकर (डोर-टू-डोर कैंपेन) मतदाताओं से वोट मांगने की छूट रहेगी।
8 सितंबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
जयपुर जिले के 18 निकायों में 9 सितंबर को मतदान होना है। इसके लिए कल यानी 8 सितंबर को पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।