श्रीगंगानगर जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से कैदी फरार, टॉयलेट की जाली तोड़कर भागा; सुरक्षा पर उठे सवाल
श्रीगंगानगर जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से इलाज के दौरान एक बंदी टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर खिड़की की जाली तोड़कर फरार हो गया। चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को उसी दिन केंद्रीय जेल से अस्पताल लाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है, जबकि अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिला अस्पताल से रविवार शाम एक बड़ा सुरक्षा चूक का मामला सामने आया। इलाज के लिए अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक बंदी टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
जवाहर नगर थाना पुलिस ने गौरव (20) पुत्र ओमप्रकाश निवासी पटाखा फैक्ट्री रोड, पुरानी आबादी, श्रीगंगानगर को चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी पर 11 जुलाई को एसएसबी रोड स्थित एक मकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने का आरोप है। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने 18 जुलाई को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय कारागार श्रीगंगानगर भेज दिया गया।
रविवार को बंदी की तबीयत बिगड़ने पर उसे दोपहर करीब 2:30 बजे इलाज के लिए श्रीगंगानगर जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। शाम करीब 5:30 बजे उसने टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी। इसी दौरान उसने मौका देखकर टॉयलेट की खिड़की की जाली तोड़ दी और वहां से फरार हो गया।