25 दिन से सुलग रही बगावत की आग,मंत्री के घर पहुंची संघर्ष समिति, क्या सरकार झुकेगी?
धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध 25वें दिन भी जारी है। संघर्ष समिति ने कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के आवास पर पहुंचकर विस्थापन और रोजगार को लेकर अपनी मांगें रखीं।
राजस्थान के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र में धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के खिलाफ स्थानीय लोगों का विरोध शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। आज 25वें दिन भी ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन जारी रहा और इसे आसपास के इलाकों से भी भारी समर्थन मिल रहा है। आंदोलन पर बैठे लोगों का स्पष्ट कहना है कि वे वन्यजीवों और बाघों के संरक्षण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसके बदले में अपने घर, जमीन और रोजगार का बलिदान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।
मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के आवास पर हुई अहम चर्चा
अपनी आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के जयपुर स्थित आवास पर पहुंचा। हालांकि, मंत्री महोदय की तबीयत खराब होने के चलते उनसे सीधी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद समिति के सदस्यों ने उनके भाई जगमोहन मीणा के साथ एक लंबी और विस्तृत बैठक की। इस दौरान ग्रामीणों की चिंताओं, धरने की स्थिति और टाइगर रिजर्व के कारण पैदा हुए संकट से उन्हें अवगत कराया गया।