'ससुर से नाजायज संबंध... समाज क्या कहेगा?' पत्नी के अफेयर का विरोध करने पर भतीजे को गोलियों से भूना
पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में एक बिल्डर चाचा ने अपने 30 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार की छह गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और कीमती जमीन का विवाद सामने आया है। आरोपी फरार है।



बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बभनपुरा गांव में मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे एक चाचा ने अपने ही सगे भतीजे को गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। आरोपी चाचा ने दीपक के सिर, पैर, जांघ और पेट में छह गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा ललन शर्मा मौके से फरार हो गया।
हत्या के पीछे अवैध संबंध और जमीन का विवाद
इस खौफनाक वारदात के पीछे दो मुख्य कारण सामने आ रहे हैं—पहला अवैध संबंध और दूसरा संपत्ति विवाद। जानकारी के मुताबिक, दीपक और उसके 55 वर्षीय चाचा ललन शर्मा (जो पेशे से बिल्डर और जमीन कारोबारी है) के बीच पिछले चार साल से विवाद चल रहा था।
आरोपी ललन शर्मा की पत्नी ने खुद खुलासा किया है कि उनके पति का भतीजे की पत्नी के साथ नाजायज संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर भारी झगड़ा होता था और दोनों एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन चुके थे। वहीं, मृतक दीपक के पिता विन्ध्याचल शर्मा ने भी बताया कि दीपक अक्सर इस रिश्ते का विरोध करता था और कहता था कि ससुर के साथ ऐसे संबंध ठीक नहीं हैं, समाज क्या कहेगा।
दूसरी ओर, मृतक दीपक की मां ने हत्या की वजह प्रॉपर्टी विवाद को बताया है। उनका आरोप है कि ललन शर्मा ने धोखे से दीपक और उसकी बहू की सड़क किनारे स्थित कीमती जमीन अपने नाम करवा ली थी। इस बात का विरोध करने पर वह अक्सर गाली-गलौज और मारपीट करता था। मंगलवार सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद ललन ने दीपक को मौत के घाट उतार दिया।
पिता का आरोप: साजिश में पूरा परिवार शामिल
मृतक के पिता विन्ध्याचल शर्मा घटना के वक्त घर पर नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस हत्याकांड में केवल ललन शर्मा ही नहीं, बल्कि उसका दामाद रवि, ललन की पत्नी शोभा देवी और रवि की पत्नी आरती भी शामिल हैं। पिता के मुताबिक, ललन और उसके दामाद रवि ने मिलकर दीपक पर फायरिंग की है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच तेज
फुलवारी शरीफ के एएसपी नारायण उपाध्याय ने बताया कि सुबह 7 बजे हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके से 6 खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे साफ है कि हत्या में पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है।
पुलिस ने मृतक के पिता का बयान दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ललन शर्मा की पत्नी शोभा देवी और उसकी बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मुख्य आरोपी ललन शर्मा फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी तलाश जारी है।











































