वोटिंग से एक दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी ने किया सुसाइड, खेत में पेड़ से लटका मिला शव
बाड़मेर की मांगता पंचायत समिति के वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल ने मतदान से ठीक एक दिन पहले पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।



बाड़मेर जिले में पंचायत चुनाव की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले एक बड़ी घटना सामने आई है। मांगता पंचायत समिति के वार्ड-8 से कांग्रेस प्रत्याशी ने बुधवार तड़के फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव अपने ही खेत में एक पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ मिला।
खेत में फंदे से लटका मिला शव
यह घटना सदर थाना इलाके के आलमजी का थान (उड़ासर) गांव की है। बुधवार सुबह करीब 4 बजे कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल (45) पुत्र पूनमाराम अपने खेत पर गए थे, जहां उन्होंने पेड़ से फंदा लगा लिया। सुबह जब आसपास के ग्रामीणों ने शव को पेड़ से लटकते हुए देखा, तो तुरंत परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस कर रही है जांच
सदर थाना सीआई देवीचंद ढाका ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया गया और गुड़ामालानी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सुसाइड के पीछे क्या कारण रहे हैं।
22 अक्टूबर को होना है मतदान
मांगता पंचायत समिति में पंचायत चुनाव के पहले फेज के तहत 22 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रत्याशी द्वारा सुसाइड कर लेने से इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।












































