28 तक छोड़ दो देश...' प्रदर्शन में शामिल हुए इस मशहूर बॉलीवुड एक्टर को मिला अल्टीमेटम! जानें कौन है ?
मुंबई पुलिस ने अमेरिकी नागरिक और ओसीआई (OCI) कार्ड धारक बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। उन पर बिना भारतीय नागरिकता के राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेने का आरोप है।



मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान (Imran Khan) को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक देश से बाहर जाने का अल्टीमेटम दिया है। यह सख्त कार्रवाई इमरान खान के हाल ही में मुंबई में एक राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
बीते 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसे 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने बुलाया था। इस प्रदर्शन में इमरान खान अपनी पार्टनर लेखा वाशिंगटन और चचेरी बहन जायन मैरी खान के साथ शामिल हुए थे। पुलिस ने इस दौरान सीपीआई (CPI) कार्यकर्ताओं और 400 अन्य लोगों के साथ इमरान को भी हिरासत में लिया था। हालांकि, कुछ घंटों बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था।
विदेशी अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
मुंबई पुलिस के अनुसार, इमरान खान के पास भारत की पूर्ण नागरिकता नहीं है। वह एक अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। पुलिस ने अपने बयान में स्पष्ट किया है, "भारतीय नागरिक न होने के बावजूद विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के कारण इमरान खान के खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।"
यह नोटिस इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 (Immigration and Foreigners Act, 2025) की धारा 7 के तहत जारी किया गया है। यह धारा भारत सरकार को देश में विदेशियों के प्रवेश, प्रस्थान, उपस्थिति या गतिविधियों को नियंत्रित और प्रतिबंधित करने का अधिकार देती है।
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने की थी शिकायत
इस मामले में बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी। सोमैया का आरोप था कि अभिनेता ने एक "अवैध राजनीतिक आंदोलन" में भाग लेकर ओसीआई (OCI) के नियमों और वीजा शर्तों का सीधा उल्लंघन किया है, जिसके लिए उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हिरासत के दौरान इमरान खान का बयान
विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने तंज कसते हुए लिखा था, "शायद मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।" इसके अलावा उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वह पुलिस को 'जय हिंद' कहते नजर आ रहे थे।
रिहाई के बाद मीडिया से बात करते हुए अभिनेता ने कहा था, "मुझे सच में नहीं पता कि मुझे यहां क्यों लाया गया। उन्होंने हम सभी को सड़कों से उठाया और वैन में बैठने को कहा। मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां मुंबई के एक नागरिक के तौर पर आया हूं, जो इस शहर में रहता है। मैं यह देखने आया हूं कि लोगों के घूमने की आजादी को क्यों रोका जा रहा है? लोगों की आवाज को क्यों दबाया जा रहा है? इसीलिए मैं यहां हूं।"











































