Kangana Ranaut की ‘भारत भाग्य विधाता’ रिलीज, 26/11 के गुमनाम नायकों की कहानी
कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान अस्पतालों में मौजूद नर्सों और कर्मचारियों की बहादुरी पर आधारित है, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 400 मरीजों की जान बचाई थी। दर्शकों और समीक्षकों ने फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ (Bharat Bhagya Vidhata) 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। निर्देशक मनोज तापडिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान अस्पतालों में ड्यूटी निभाने वाले उन गुमनाम नायकों की कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आई है, जिनकी बहादुरी और समर्पण के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
फिल्म की कहानी 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। उस भयावह रात जब शहर के कई हिस्सों में आतंकियों ने हमला किया था, तब अस्पतालों में मौजूद नर्सों, वार्ड बॉय, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की थी। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे इन कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में लगभग 400 मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
कंगना रनौत ने फिल्म में एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है, जो संकट की घड़ी में साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देती है। उनके अभिनय को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों दोनों ने सराहा है। फिल्म में भावनात्मक दृश्यों के साथ-साथ तनाव, साहस और मानवीय संघर्ष को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।