अजमेर में बर्थडे पार्टी से लौट रही महिला से मंगलसूत्र लूटा, बाइक सवार बदमाश फरार
अजमेर के वैशाली नगर स्थित झूलेलाल मंदिर के पास बर्थडे पार्टी से घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर फरार हो गए। सूचना पर कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अजमेर। अजमेर शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला वैशाली नगर क्षेत्र के झूलेलाल मंदिर के पास का है, जहां मंगलवार रात बर्थडे पार्टी से घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर तोड़ ले गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कृष्णगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार माकड़वाली स्थित बलदेव नगर निवासी कंचन, पत्नी श्याम सुंदर, मंगलवार रात पड़ोसी के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए वैशाली नगर स्थित झूलेलाल मंदिर गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र तोड़कर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।