प्रेमी ने सगाई से नाराज होकर की प्रेमिका की बेरहम हत्या, फिर खुद को पहुंचाया नुकसान
एक कोरियोग्राफर ने प्रेमिका की सगाई से नाराज होकर होटल में उसकी हत्या कर दी। गुस्से में उसने प्रेमिका का सिर दीवार पर मारा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपनी नसें काटने की कोशिश की और अस्पताल भाग गया। पुलिस ने सीसीटीवी और होटल रिकॉर्ड से आरोपी को पकड़ लिया।
उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कोरियोग्राफर ने अपनी प्रेमिका की सगाई से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने ब्लेड से अपनी नसें काटकर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी भरत योगी के अनुसार, आरोपी विजय भोई, जो सेक्टर-3 का निवासी और पेशे से कोरियोग्राफर है, ने अपनी प्रेमिका निकिता त्रिवेदी की हत्या की। निकिता, ऋषभदेव की रहने वाली थी और एक प्राइवेट कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह हिरणमगरी में अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहती थी। यह वारदात परशुराम चौराहा स्थित होटल कासा गोल्ड में हुई।
पुलिस के मुताबिक, विजय और निकिता की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ समय पहले निकिता की सगाई किसी अन्य युवक के साथ हो गई थी, जिसके बाद उसने विजय से बातचीत बंद कर दी। यह बात विजय को नागवार गुजरी। उसने निकिता से आखिरी बार मिलने की इच्छा जताई और सोमवार को उसे होटल कासा गोल्ड में बुलाया।