पति सोता रहा, 3 महीने की नई-नवेली बीवी लाखों के जेवर-कैश लेकर रातों-रात फुर्र; मंदिर से 30 छत्र भी चोरी
राजस्थान के सीकर जिले में अपराध के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। शादी के मात्र 3 महीने बाद एक नई नवेली दुल्हन लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। वहीं, खाटूश्यामजी से श्रद्धालु की कार और तासर छोटी के मंदिर से 30 चांदी के छत्र चोरी हो गए।
राजस्थान के सीकर जिले में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और धोखाधड़ी के तीन बड़े मामले सामने आए हैं। जहां एक तरफ शादी के महज तीन महीने बाद एक लुटेरी दुल्हन लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गई, वहीं दूसरी तरफ खाटूश्यामजी में दर्शनार्थी की गाड़ी और एक मंदिर से चांदी के छत्र चोरी होने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के 3 महीने बाद ही दिखा दुल्हन का असली रंग, रातों-रात जेवर-नकदी लेकर गायब
जिले में एक 36 वर्षीय युवक के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी इसी साल मई महीने में जिले की ही एक 19 वर्षीय युवती के साथ हुई थी। 22 अगस्त की रात पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। रात करीब 2 बजे जब युवक की आंख खुली, तो पत्नी उसके पास ही सो रही थी। लेकिन सुबह 4 बजे उठकर देखा तो वह बिस्तर से गायब थी।