'डांसर' पर बरसे नोट, अफसरों की रंगरेलियां और लग्जरी लाइफ जाने कैसे एक 'डांसर' पर लुट गए 657 करोड़ रुपये?
सीबीआई जांच में 657 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी रिभव ऋषि की ऐशो-आराम से भरी जिंदगी का पर्दाफाश हुआ है। जानिए कैसे सरकारी खजाने का पैसा डांसर गर्लफ्रेंड, विदेशी दौरों और लग्जरी पार्टियों पर पानी की तरह बहाया गया।
yashaswani Verified Public Figure • 17 Aug, 2026Sub Editor
October 1, 2026 • 4:59 PM 354
क
क्राइम
NEWS CARD
“'डांसर' पर बरसे नोट, अफसरों की रंगरेलियां और लग्जरी लाइफ जाने कैसे एक 'डांसर' पर लुट गए 657 करोड़ रुपये?”
Read more onthekhatak.com/s/72d975
1 Oct 2026
https://thekhatak.com/s/72d975
Copied
सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये गायब हो रहे थे, और दूसरी तरफ एक बेहद महंगी और आलीशान 'लव स्टोरी' परवान चढ़ रही थी। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं है, बल्कि 657 करोड़ रुपये के उस कथित बैंक घोटाले की सच्चाई है, जिसकी जांच सीबीआई (CBI) कर रही है। इस मामले में मुख्य आरोपी रिभव ऋषि को लेकर एजेंसी की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
जांच में सामने आया है कि हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन के खातों से उड़ाई गई रकम का इस्तेमाल डांसर गर्लफ्रेंड पर पैसा लुटाने, दिल्ली में करोड़ों का घर खरीदने, मंहगी विदेशी यात्राओं और रसूखदार अफसरों की अय्याशी के लिए किया गया।
सीबीआई की पूछताछ में मुख्य आरोपी की महिला मित्र ने कई अहम राज उगले हैं। जानकारी के मुताबिक, पहले से शादीशुदा रिभव ऋषि की मुलाकात इस महिला डांसर से मार्च-अप्रैल 2025 में चंडीगढ़ के एक इवेंट में हुई थी। इसके बाद दोनों 8 मई 2025 को जयपुर की एक फार्महाउस पार्टी में टकराए।
असली कहानी 5 जुलाई 2025 को मुंबई के आलीशान 'सेंट रेजिस होटल' में शुरू हुई, जब ऋषि ने महिला से प्यार का इजहार किया। खुद को इवेंट प्लानर, चावल निर्यातक और IDFC फर्स्ट बैंक का ब्रांच मैनेजर बताने वाले ऋषि ने महिला से वादा किया कि वह अपनी पत्नी दिव्या अरोड़ा को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा।
डांस छोड़ने के लिए हर महीने दिए 10 लाख रुपये
सरकारी पैसे की लूट का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऋषि ने अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच (महज 6 महीने में) महिला को 56 लाख रुपये दिए। महिला ने सीबीआई को बताया कि ऋषि ने उसे अपना डांसिंग करियर छोड़ने को कहा था और इसके बदले वह हर महीने उसे 10 लाख रुपये दे रहा था।
दिल्ली के द्वारका में करोड़ों का आशियाना
इस कथित घोटाले के पैसों से 18 जुलाई 2025 को दिल्ली के द्वारका इलाके में महिला के लिए एक फ्लैट बुक किया गया। 3.10 करोड़ रुपये की इस प्रॉपर्टी के लिए ज्यादातर पेमेंट नकद (कैश) में किया गया। इसमें 49 लाख रुपये महिला ने लगाए थे, जबकि बाकी की पूरी रकम ऋषि ने दी थी। इसके अलावा 90 लाख रुपये अलग से दिए जाने थे, जिसमें से 65 लाख चुकाए जा चुके थे। जनवरी 2026 से महिला इसी आलीशान घर में रह रही थी।
पार्टियों में उड़ते थे नोट, IAS अफसर भी थे शामिल
सीबीआई जांच में हाई-प्रोफाइल पार्टियों का भी भंडाफोड़ हुआ है। महिला ने बताया कि चंडीगढ़ के पास जीरकपुर के 'जेड मैनर' (Z Manor) में अक्सर पार्टियां होती थीं। इन पार्टियों में हरियाणा सरकार के कई बड़े अधिकारी और इस घोटाले के अन्य आरोपी शामिल होते थे।
एक पार्टी का खर्च: एक पार्टी में औसतन 15 से 20 लाख रुपये खर्च होते थे।
डांसरों पर बरसता था पैसा: आयोजक नितिन आनंद (जो कि यूएई का निवासी है) हर पार्टी में 5-6 डांसर बुलाता था। अधिकारी इन डांसरों पर करेंसी नोट उड़ाते थे।
एस्कॉर्ट सर्विस: चौंकाने वाली बात यह है कि महिला ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि इन पार्टियों में आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल (जो 6-7 बार शामिल हुए) सहित कई अन्य लोग एस्कॉर्ट सेवाओं का इस्तेमाल करते थे। इन पार्टियों में अभय कुमार, नरेश कुमार भुवानी, अभिषेक सिंगला, अरुण शर्मा और अंकुर शर्मा जैसे नाम भी शामिल थे।
मकाऊ, थाईलैंड से लेकर दुबई के 'बुर्ज अल अरब' तक का सफर
देश के सबसे महंगे होटलों (चंडीगढ़ के नोवोटेल, हयात; दिल्ली के जेडब्ल्यू मैरियट, आईटीसी मौर्या और गोवा के ताज) में रुकने के अलावा, इन लोगों ने कई विदेशी दौरे भी किए:
अगस्त 2025: ऋषि, महिला और अन्य आरोपी कुछ डांसरों के साथ मकाऊ और फिर थाईलैंड घूमने गए।
नवंबर 2025: अरुण शर्मा और अभय कुमार के साथ यह कपल दुबई गया, जहां वे दुनिया के सबसे महंगे होटलों में से एक 'बुर्ज अल अरब' (Burj Al Arab) के समंदर किनारे वाले डुप्लेक्स में रुके।
दुबई में बसने का प्लान: ऋषि ने दुबई एयरपोर्ट के पास एक 4 BHK डुप्लेक्स भी देखा था और महिला से कहा था कि वह 5-10 साल में यहीं बसना चाहता है। जनवरी 2026 के दुबई दौरे में उसने एक 'टोयोटा लैंड क्रूजर' भी बुक की थी।
कैसे हुआ 187 करोड़ का सीधा खेल?
सीबीआई की जांच सिर्फ अय्याशी तक सीमित नहीं है, बल्कि उस गहरे वित्तीय नेटवर्क तक भी पहुंची है जिसके जरिए पैसा निकाला गया। आरोप है कि ऋषि ने सरकारी खातों से कम से कम 25 फर्जी डेबिट ट्रांजैक्शन किए, जिनकी कीमत 187.35 करोड़ रुपये थी। जांच में पता चला है कि ऋषि के निजी खातों में 'SRR प्लानिंग गुरु' से 5.40 करोड़ और 'स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स' से 1.50 करोड़ रुपये आए। वहीं, उसकी पत्नी दिव्या अरोड़ा के बैंक खातों में भी 18.32 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाने के सुराग मिले हैं।
फिलहाल सीबीआई ने महिला का सैमसंग Z Fold मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और पूरे नेक्सस की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। इस खुलासे के बाद अब कई सफेदपोश अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।