आईजी की जनसुनवाई में पशुपालक की गुहार: 6 भैंसें और 2 जर्मन शेफर्ड डॉग चोरी, 4 महीने बाद भी नहीं मिला सुराग
पाली में आईजी की जनसुनवाई के दौरान एक पशुपालक ने अपनी 6 चोरी हुई भैंसों और 2 जर्मन शेफर्ड डॉग को खोजने की गुहार लगाई। पीड़ित का कहना है कि चार महीने पहले भैंसें और बाद में डेढ़ महीने पहले डॉग चोरी हो गए थे, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा सकी। आईजी ने मामले की जांच तेज करने के निर्देश दिए।
पाली जिले में पशु चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) की जनसुनवाई के दौरान एक पशुपालक अपनी पीड़ा लेकर पहुंचा और भावुक होकर कहा, "सर, मेरी 6 भैंसें ढूंढवा दीजिए। चार महीने से उन्हें तलाश रहा हूं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।" पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस अभी तक चोरी गए पशुओं और डॉग का पता नहीं लगा सकी है।
जानकारी के अनुसार, जवड़िया गांव निवासी विक्रम पटेल, जो वर्तमान में शिव नगर, मंडिया रोड (पाली) में रहते हैं, जवड़िया गांव के पास स्थित अपने फार्म हाउस पर पशुपालन का कार्य करते हैं। उन्होंने आईजी सत्येन्द्र सिंह को दिए ज्ञापन में बताया कि करीब चार महीने पहले उनके फार्म हाउस से 6 भैंसें चोरी हो गई थीं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपए है।
खुले में चर रही थीं भैंसें, तभी उठा ले गए चोर