सरेआम चाकुओं से गोदकर गाइड की हत्या, मौत की खबर फैलते ही भड़के लोग, बाजार बंद!
जयपुर के आमेर में गाड़ी ले जाने के विवाद में घायल हुए गाइड मनीष सोनी का एसएमएस अस्पताल (SMS Hospital) में निधन हो गया है। मौत की खबर के बाद आमेर में भारी तनाव, लोगों ने बाजार बंद करवाए। पुलिस ने मुख्य आरोपी आजम और नाजिश को गिरफ्तार कर लिया है।
राजधानी जयपुर के विश्व प्रसिद्ध आमेर कस्बे (Amer Town) से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। सोमवार को आमेर में हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए गाइड मनीष सोनी (Manish Soni) का मंगलवार को निधन हो गया है। सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मनीष की मौत की सूचना जैसे ही आमेर पहुंची, वहां के स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आमेर कस्बे के बाजार और दुकानें बंद करवा दी हैं।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को आमेर किले (Amer Fort) तक गाड़ी ले जाने की बात को लेकर एक विवाद हुआ था। यह विवाद गाइड मनीष सोनी और जीप चालक आजम के बीच शुरू हुआ। बातों ही बातों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि जीप चालक आजम और उसके साथी नाजिश ने तैश में आकर मनीष पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।