फलोदी में आधी रात का खूनी हमला... पहले मां की गला रेतकर हत्या, फिर बेटी पर 5 चाकू के वार, खून से लथपथ होकर भी पुलिस को किया फोन
फलोदी में एक नकाबपोश बदमाश ने घर के बाहर सो रही महिला की हत्या कर दी। मां को बचाने आई 16 वर्षीय बेटी पर भी पांच चाकू के वार किए गए, लेकिन घायल होने के बावजूद उसने पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र के जंभेश्वर नगर में सोमवार देर रात हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के बाहर सो रही 32 वर्षीय भंवरी विश्नोई की अज्ञात नकाबपोश हमलावर ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। मां को बचाने के लिए आगे आई उसकी 16 वर्षीय बेटी रामज्योति पर भी बदमाश ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद रामज्योति ने हिम्मत नहीं हारी और खून से लथपथ हालत में ताऊ के घर पहुंचकर मदद मांगी। इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना सोमवार रात करीब 12:40 बजे की है। उस समय भंवरी विश्नोई अपनी दोनों बेटियों रामज्योति (16) और सोनू (10) के साथ घर के बाहर सो रही थी, जबकि चार वर्षीय बेटा घर के अंदर था। देर रात नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचा। आहट सुनकर जैसे ही भंवरी और रामज्योति की आंख खुली, हमलावर ने भंवरी पर चाकू से हमला कर दिया। गले पर गहरे वार होने से भंवरी की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर ने उसके हाथ पर भी कई वार किए।
इसके बाद बदमाश ने 16 वर्षीय रामज्योति को भी निशाना बनाया। उसके पेट, पीठ और चेहरे पर चाकू से पांच वार किए। हमले के दौरान उसके दांत भी टूट गए। वहीं छोटी बेटी सोनू के हाथ पर भी चाकू से वार किया गया। इसके बावजूद रामज्योति ने साहस नहीं छोड़ा और घायल अवस्था में अपने ताऊ के घर पहुंची। परिजनों की मदद से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।