थार की रफ्तार, लोडेड हथियार और अफीम का व्यापार... पुलिस को देखते ही क्यों भागा 2 साल से फरार ये मोस्ट वांटेड?
बाड़मेर डीएसटी और रीको थाना पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में थार जीप सवार एक इनामी और वांटेड तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अफीम, देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुए हैं। वह दिल्ली और बीकानेर में भी वांटेड है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। डीएसटी (DST) और रीको थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक शातिर तस्कर को थार जीप के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पिछले दो सालों से फरार चल रहा था और इसके तार दिल्ली के साइबर फ्रॉड नेटवर्क से भी जुड़े हुए हैं।
पुलिस को देखकर भगाने लगा थार, घेराबंदी कर दबोचा
बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के सख्त निर्देशों पर जिले भर में ड्रग्स और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान जारी है। इसी कड़ी में एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी बुद्धाराम विश्नोई के सुपरविजन में रीको थानाधिकारी पदमाराम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।
डीएसटी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर इलाके में रिंग रोड के पास एक थार जीप में कुछ संदिग्ध घूम रहे हैं। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, तो पुलिस की गाड़ी देखते ही संदिग्ध थार जीप लेकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोरखा राम उर्फ गोविंद (पुत्र जसाराम), निवासी खारी तड़ला (बाखासर) बताया।