देवर ने सोशल मीडिया पर वायरल किए भाभी के अश्लील वीडियो, बदनामी के खौफ में महिला ने दी जान
राजस्थान के धौलपुर में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि देवर ने अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए थे, जिससे आहत होकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया।
राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल होने से आहत एक महिला ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका लंबे समय से ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रही थी और मानसिक तनाव में थी।
परिजनों का आरोप है कि ब्लैकमेल करने वाला कोई और नहीं, बल्कि महिला का देवर (पति का चचेरा भाई) ही है। इस मामले में मृतका के भाई ने कंचनपुर थाने में 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है।
एक साल से चल रहा था ब्लैकमेलिंग और शोषण का खेल
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पीहर पक्ष ने बताया कि मृतका के पति के चचेरे भाई ने करीब एक साल पहले धोखे से महिला के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद वह इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। मृतका के परिजनों का यह भी आरोप है कि इस दौरान ब्लैकमेलिंग की आड़ में महिला का शारीरिक शोषण भी किया गया।