BoB डेटा लीक से मची हलचल! कहीं आपका अकाउंट भी तो नहीं खतरे में? जानिए क्या लीक हुआ
बैंक ऑफ बड़ौदा ने कर्मचारी के ईमेल से जुड़ी सुरक्षा में सेंध की पुष्टि की है। बैंक ने खातों को सुरक्षित बताया है, लेकिन साइबर ठगी का खतरा बढ़ सकता है। जानिए पूरा मामला और अपने पैसे को सुरक्षित रखने के 7 जरूरी तरीके।
Bank of Baroda Data Leak: अगर आपका बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) में खाता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। हाल ही में सोशल मीडिया पर बैंक के ग्राहकों का डेटा लीक होने की खबरें तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद लाखों ग्राहकों के मन में अपने बैंक अकाउंट और जमा रकम की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि उसके कोर बैंकिंग सिस्टम (CBS) में कोई सेंध नहीं लगी है और ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। बैंक ने यह जरूर स्वीकार किया है कि एक कर्मचारी के ईमेल अकाउंट से जुड़ी सुरक्षा में सेंध लगने के कारण कुछ डेटा लीक होने की आशंका है।
कर्मचारी के ईमेल अकाउंट से हुई सुरक्षा में सेंध
बैंक ऑफ बड़ौदा के अनुसार, यह साइबर सुरक्षा घटना बैंक के एक कर्मचारी के ईमेल अकाउंट से जुड़ी है। जैसे ही बैंक को इस घटना की जानकारी मिली, तुरंत जरूरी कदम उठाकर मामले को नियंत्रित कर लिया गया। बैंक ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस प्रकार का डेटा प्रभावित हुआ है और उसका दुरुपयोग न हो सके।