कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाला गैंग सक्रिय, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
जयपुर के मालवीय नगर में खड़ी कारों के शीशे तोड़कर लैपटॉप और कीमती सामान चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। आरोपी ने शहर के अन्य इलाकों में भी चोरी की वारदातें कबूल की हैं।
जयपुर के मालवीय नगर इलाके में खड़ी कारों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर गैंग का खुलासा हुआ है। 14 अप्रैल को सामने आई दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में दहशत फैला दी, जहां चोरों ने कुछ ही मिनटों में कारों के शीशे तोड़कर महंगे सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पहली घटना डी-ब्लॉक में हुई, जहां मोहित कुमार की खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर लैपटॉप बैग, चार्जर, करीब 100 सिम कार्ड और अन्य जरूरी सामान चोरी कर ले गए। वहीं दूसरी घटना गिरधर मार्ग पर हुई, जहां पंकज अग्रवाल की कार के बाहर खड़ी गाड़ी से बैग चोरी कर लिया गया। इस बैग में HP लैपटॉप, टैबलेट, चार्जर और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
दोनों वारदातें एक ही दिन और आसपास के क्षेत्रों में होने से यह साफ हो गया कि इसके पीछे एक संगठित गैंग काम कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने जांच शुरू की और 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद संदिग्धों की पहचान कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।