जोधपुर में युवक की संदिग्ध मौत: रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पत्नी और ससुराल पक्ष पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
जोधपुर के कुड़ी भगतासनी क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक की रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के कुड़ी भगतासनी थाना इलाके में एक 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और पारिवारिक तनाव के कारण युवक ने यह कदम उठाया।
मामले को लेकर मृतक के पिता प्रेमाराम, निवासी रावों का बास, झालामंड, ने कुड़ी भगतासनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उनके बेटे प्रकाश की शादी करीब पांच साल पहले कविता नाम की युवती से हुई थी। शादी के शुरुआती समय में दोनों के बीच संबंध सामान्य थे, लेकिन पिछले करीब एक साल से घरेलू विवाद बढ़ गए थे।
परिजनों के अनुसार, प्रकाश की पत्नी कविता आए दिन झगड़ा करती थी और उसे मानसिक रूप से परेशान करती थी। इतना ही नहीं, वह अपनी सास के साथ भी विवाद करती रहती थी, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण बना रहता था।