पहले ही चरण में भारी बवाल, सिर फूटा-15 टांके लगे; जानें 39 जिलों का ताज़ा हाल
राजस्थान में 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों के लिए पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। 57 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जानें मतदान से जुड़ी हर बड़ी अपडेट और अलवर विवाद की पूरी जानकारी।
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों के पहले चरण का शंखनाद हो चुका है। आज यानी 9 सितंबर को प्रदेश के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस पहले चरण में 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं के लिए जनता अपनी सरकार चुन रही है।
57 लाख से अधिक मतदाता करेंगे 20 हजार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस चुनावी महामुकाबले में पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रदेशभर में बनाए गए 7,683 मतदान केंद्रों पर कुल 57 लाख 52 हजार 278 मतदाता आज इन प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य तय करेंगे। पहले चरण में शामिल चार प्रमुख नगर निगम अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा हैं, जहां सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।