'मेरी मां के आंसू...': सोनिया गांधी पर अमित शाह के तंज पर प्रियंका गांधी का पलटवार
प्रियंका ने सत्तारूढ़ दल पर अतीत का जिक्र करने और वर्तमान की जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वे बार-बार अतीत की बात करते हैं, लेकिन अभी जो हो रहा है, उसका जवाब कौन देगा?"
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को लोकसभा में "ऑपरेशन सिंदूर" पर विशेष चर्चा के दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और सरकार की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। प्रियंका ने सरकार की जवाबदेही और खुफिया विफलताओं पर गंभीर सवाल खड़े किए, साथ ही अपनी दादी इंदिरा गांधी और मां सोनिया गांधी के प्रति गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणियों का भी करारा जवाब दिया।
आतंकी हमले पर सरकार की चुप्पी पर सवाल
प्रियंका गांधी ने पहलगाम के बायसरण घाटी में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पूछा, "यह युद्ध अचानक क्यों रुका? जब दुश्मन के पास हमारे शरण में आने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था, तब यह युद्ध क्यों रोक दिया गया?" उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी युद्ध को अचानक रोका गया और इसकी घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति ने की। "यह प्रधानमंत्री की गैर-जिम्मेदारी को दर्शाता है। नेतृत्व का मतलब सिर्फ श्रेय लेना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी लेना भी है।"
खुफिया विफलता और सुरक्षा में चूक
कांग्रेस नेता ने बायसरण घाटी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा, "क्या सरकार को नहीं पता था कि इस क्षेत्र में हजारों पर्यटक आते हैं? वहां सुरक्षा क्यों नहीं थी? क्यों उन्हें भगवान भरोसे छोड़ दिया गया?" प्रियंका ने खुफिया तंत्र की विफलता पर भी सवाल उठाए और पूछा, "क्या किसी सरकारी एजेंसी को पाकिस्तान में रची जा रही आतंकी साजिश की जानकारी नहीं थी? यह हमारी खुफिया व्यवस्था और सरकार की गंभीर विफलता है। इसके लिए जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या किसी ने इस्तीफा दिया?"