कार पर लटककर ग्रामीण ने हथियार सप्लायर को पकड़वाया, 100 मीटर तक घिसटने के बाद स्टेयरिंग मोड़कर रोकी कार
अलवर के चिकानी गांव के पास पुलिस से भाग रहे अवैध हथियार सप्लायर को एक ग्रामीण ने अपनी जान जोखिम में डालकर पकड़वाया। आरोपी ने बाइक को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण कार से लटक गया और करीब 100 मीटर तक घिसटने के बाद स्टेयरिंग मोड़कर कार रुकवा दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर करीब 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह सेल्समैन फायरिंग केस में हथियार सप्लाई करने का आरोपी है।
अलवर। अलवर जिले की सदर थाना पुलिस ने सेल्समैन पर फायरिंग के मामले में अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए कार भगाने की कोशिश की, लेकिन एक ग्रामीण की बहादुरी से उसका फरार होने का प्रयास नाकाम हो गया। ग्रामीण ने अपनी बाइक आरोपी की कार के आगे लगा दी। टक्कर मारकर भागने की कोशिश करने पर वह कार के दरवाजे से लटक गया और करीब 100 मीटर तक घिसटता रहा। इसके बाद उसने कार की स्टेयरिंग मोड़ दी, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और आरोपी को ब्रेक लगाने पड़े। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागा आरोपी