बाड़मेर में एक साल में चौथी एमडी फैक्ट्री पकड़ी, 2.02 करोड़ का नशा और सामान जब्त
बाड़मेर के सेड़वा क्षेत्र में पुलिस ने एक साल में चौथी एमडी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 2.02 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ, केमिकल और उपकरण तथा 24.09 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश कुमार की तलाश जारी है।
बाड़मेर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के सेड़वा थाना क्षेत्र में अवैध एमडी (मेफेड्रोन) बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने करीब 2 करोड़ 2 लाख रुपए मूल्य का मादक पदार्थ, केमिकल और उपकरण जब्त किए हैं। इसके साथ ही मौके से 24 लाख 9 हजार 500 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पति फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर "नशा मुक्त बाड़मेर" अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और डीएसपी जेठाराम के सुपरविजन में सेड़वा थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई