अस्पताल बना सड़क! मरीजों के बीच कॉरिडोर में दौड़ी स्कूटी, मच गया हड़कंप
हाड़ौती के सबसे बड़े एमबीएस अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। मरीजों और स्ट्रेचर के बीच से स्कूटी गुजरने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया, लेकिन बड़ा सवाल अब भी कायम है—ऐसी लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी?
कोटा। हाड़ौती के सबसे बड़े महाराव भीमसिंह (एमबीएस) अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक युवक अस्पताल के अंदर स्कूटी लेकर बेखौफ घुस गया। युवक पुराने भवन के मुख्य कॉरिडोर से होते हुए न्यूरो, कैंसर और नेत्र (आई) वार्ड की ओर जाने वाले संकरे रास्ते तक स्कूटी दौड़ाता हुआ पहुंच गया। इस दौरान कॉरिडोर में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर पर कई मरीज मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना शुक्रवार शाम की है। अचानक अस्पताल के कॉरिडोर में स्कूटी को अपनी ओर आते देख मरीज और उनके परिजन घबरा गए और खुद को बचाने के लिए इधर-उधर हटने लगे। अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह निजी वाहन का अंदर तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।