जयपुर में महिला किसान संवाद 2026: प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प, जैविक कृषि पर हुआ मंथन
जयपुर के वैदिक औषधीय पादप केंद्र में आयोजित राजस्थान महिला किसान संवाद-2026 में प्रदेशभर की महिला किसानों, कृषि विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
टोंक रोड स्थित वैदिक औषधीय पादप केंद्र में शनिवार को राजस्थान महिला किसान संवाद-2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद और ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (OFPAI) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसमें प्रदेशभर से आई महिला किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, जैविक खेती विशेषज्ञों, गौ-सेवा प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्राकृतिक खेती को लेकर हुआ व्यापक मंथन
कार्यक्रम में महिला कृषि उद्यमिता, गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, कृषि प्रसंस्करण और राजस्थान जैविक राज्य विजन-2030 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने खेती को अधिक टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण, तकनीक और बाजार से मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि यदि महिला किसानों को प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाए तो राजस्थान में जैविक खेती को नई गति मिल सकती है। उन्होंने महिला किसानों की भागीदारी को कृषि विकास की अहम कड़ी बताया।