सरकारी अस्पताल के महिला वार्ड में फॉल सीलिंग गिरी, 9 मरीजों को समय रहते किया शिफ्ट
सीकर के एसके हॉस्पिटल के महिला मेडिसिन वार्ड में देर रात फॉल सीलिंग टूटकर गिर गई। हादसे से पहले सीलिंग झूलने लगी थी, जिसके बाद नर्सिंग स्टाफ ने सभी 9 महिला मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी पर रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि करोड़ों के बजट के बावजूद मरम्मत कार्य अधूरा है, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीकर। शेखावाटी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसके (SK) हॉस्पिटल में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के मेडिसिन फीमेल वार्ड नंबर-53 में देर रात फॉल सीलिंग टूटकर गिर गई। गनीमत रही कि सीलिंग पहले से झूलने लगी थी, जिसे देखकर नर्सिंग स्टाफ और मरीजों के परिजनों ने तुरंत सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। इसी वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।
यह घटना बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय वार्ड में 9 महिला मरीज भर्ती थीं। मरीजों के परिजन वार्ड में भोजन कर रहे थे, तभी छत की फॉल सीलिंग अचानक झूलने लगी। स्थिति को भांपते हुए नर्सिंग स्टाफ ने सभी मरीजों और उनके परिजनों को तुरंत सीलिंग के नीचे से हटाया। कुछ ही देर बाद पूरी फॉल सीलिंग टूटकर नीचे गिर गई। एहतियात के तौर पर सभी नौ मरीजों को अस्पताल की लॉबी और अन्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।