मानसून की सुस्त चाल ने बढ़ाई टेंशन, बीसलपुर बांध खाली, जानें राजस्थान के बांधों का हाल
राजस्थान में सुस्त मानसून के कारण जल संकट का खतरा बढ़ गया है। जयपुर की लाइफलाइन बीसलपुर बांध अब भी 1.5 मीटर खाली है। प्रदेश के 693 बांधों में से 205 पूरी तरह सूखे हैं। जानिए राज्य के प्रमुख बांधों का ताजा जलस्तर।
राजस्थान में इस साल मानसून की धीमी चाल ने भविष्य के लिए एक बड़े जल संकट की घंटी बजा दी है। मानसून सीजन के लगभग 70 दिन बीत जाने के बाद भी प्रदेश में उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। इसका सीधा असर राज्य के जलस्रोतों पर पड़ा है। हालात यह हैं कि प्रदेश के 23 प्रमुख बांध अभी भी प्यासे हैं और राज्य के सभी बांधों में औसत रूप से केवल 64 प्रतिशत पानी ही आ पाया है।
अब प्रदेशवासियों और किसानों की निगाहें केवल सितंबर के महीने पर टिकी हैं। अगर मौसम विभाग के अनुमानों से परे कोई 'चमत्कार' नहीं हुआ, तो आगामी गर्मियों में भारी जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
जयपुर की लाइफलाइन 'बीसलपुर बांध' की स्थिति चिंताजनक
राजधानी जयपुर सहित कई जिलों की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर बांध की स्थिति इस बार चिंता का विषय बनी हुई है। आमतौर पर अगस्त महीने में लबालब हो जाने वाला यह बांध अभी भी अपनी पूर्ण क्षमता से डेढ़ मीटर खाली है।