डाबी बहनों के बाद अब इन दो IAS बहनों का बज रहा है डंका, जानें कौन हैं ये?
राजस्थान ब्यूरोक्रेसी में टीना डाबी और रिया डाबी के बाद अब मंजू राजपाल और अंजू राजपाल के रूप में एक और IAS बहनों की जोड़ी आ गई है। चूरू के एक साधारण परिवार से आने वाली इन बहनों ने अहम प्रशासनिक पदों पर अपनी जगह बनाई है।



राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में जब भी महिला आईएएस अधिकारियों का जिक्र होता है, तो सबसे पहले टीना डाबी और उनकी छोटी बहन रिया डाबी का नाम जेहन में आता है। देशभर में मशहूर डाबी बहनों की इस जोड़ी के बाद अब राजस्थान को एक और IAS बहनों की नई जोड़ी मिल गई है। ये बहनें हैं— मंजू राजपाल और अंजू राजपाल।
हाल ही में हुए प्रमोशन के बाद राजस्थान के प्रशासनिक बेड़े में अब आईएएस बहनों की दो चर्चित जोड़ियां हो गई हैं। आइए जानते हैं चूरू जिले के एक साधारण किसान परिवार से आने वाली मंजू और अंजू राजपाल के संघर्ष और सफलता की कहानी, और साथ ही डाबी और राजपाल बहनों के बीच के एक बेहद खास संयोग के बारे में।
किराने की दुकान चलाने वाले पिता की बेटियां बनीं अफसर
मंजू राजपाल और अंजू राजपाल मूल रूप से राजस्थान के चूरू जिले की रहने वाली हैं। इनका पारिवारिक पृष्ठभूमि एक बेहद सामान्य किसान परिवार की रही है। उनके पिता ने एक छोटी सी किराने की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण किया और अपनी चारों बेटियों की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पिता के इसी संघर्ष का नतीजा है कि आज चार में से तीन बहनें बड़े पदों पर काबिज हैं:
सुनीता राजपाल (सबसे बड़ी बहन): कॉ-ऑपरेटिव बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
मंजू राजपाल (दूसरी बहन): वर्ष 2000 बैच की सीनियर आईएएस अधिकारी हैं।
अंजू राजपाल (तीसरी बहन): पूर्व में आरएएस (RAS) अधिकारी थीं और अब पदोन्नति (प्रमोशन) पाकर आईएएस (IAS) बन गई हैं।
सबसे छोटी बहन: वर्तमान में एक कुशल गृहणी के रूप में अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
मंजू और अंजू राजपाल के कंधों पर हैं ये बड़ी जिम्मेदारियां
वर्तमान में दोनों आईएएस बहनें राजस्थान सरकार में अहम भूमिकाएं निभा रही हैं। 2000 बैच की आईएएस अधिकारी मंजू राजपाल इस समय कृषि, उद्यानिकी एवं पंचायती राज (कृषि) विभाग की प्रमुख सचिव के पद पर तैनात हैं। इसके साथ ही वह राजस्थान राज्य बीज निगम लिमिटेड की अध्यक्ष का कार्यभार भी संभाल रही हैं। वहीं, प्रमोशन पाकर आईएएस बनीं उनकी छोटी बहन अंजू राजपाल फरवरी 2024 से मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में संयुक्त सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
डाबी और राजपाल बहनों में क्या है खास संयोग?
मंजू-अंजू राजपाल और टीना-रिया डाबी की जोड़ियों में एक बेहद दिलचस्प संयोग देखने को मिल रहा है। इन दोनों ही आईएएस जोड़ियों की छोटी बहनें इस समय राजस्थान के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में अहम जिम्मेदारियां संभाल रही हैं।
टीना डाबी की छोटी बहन रिया डाबी (2021 बैच) मार्च 2026 से मुख्यमंत्री की विशेषाधिकारी (OSD) के पद पर तैनात हैं।
मंजू राजपाल की छोटी बहन अंजू राजपाल फरवरी 2024 से मुख्यमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
वहीं, दोनों जोड़ियों की बड़ी बहनें भी फील्ड और सचिवालय में अहम कमान संभाल रही हैं। 2016 बैच की आईएएस टीना डाबी वर्तमान में टोंक जिले की कलेक्टर हैं, जबकि मंजू राजपाल प्रमुख सचिव जैसी बड़ी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
साधारण परिवारों से निकलकर सत्ता के शीर्ष गलियारों तक पहुंचने वाली इन बहनों की सफलता राजस्थान की हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों की उड़ान भरना चाहती है।













































