शिक्षक प्रेमी ने आंगनबाड़ी सुपरवाइजर प्रेमिका की की बेरहमी से हत्या, कार से मिला शव
एक सरकारी शिक्षक ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी प्रेमिका, जो आंगनबाड़ी सुपरवाइजर थी, की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और जांच शुरू की।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी शिक्षक ने अपनी प्रेमिका की लोहे की रॉड से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका, जो एक आंगनबाड़ी सुपरवाइजर थी, शादी की बात करने के लिए 600 किलोमीटर दूर सीकर से बाड़मेर आई थी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेमिका की हत्या और कार में शव
सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बाड़मेर के रीको थाना क्षेत्र के शिव नगर में एक अल्टो कार की ड्राइवर सीट पर 37 वर्षीय मुकेश कुमारी का शव लहूलुहान हालत में मिला। मृतका के सिर पर लोहे की रॉड (सरिया) से कई वार किए गए थे, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस, डीएसपी, एएसपी, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL), और मोबाइल अपराध इकाई (MOU) की टीमें मौके पर पहुंचीं और सबूत जुटाए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि हत्या के बाद शव को कार में रखा गया था, संभवतः इसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई।
फेसबुक पर शुरू हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, मृतका मुकेश कुमारी झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ की रहने वाली थी और सीकर के खंडेला में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थी। दूसरी ओर, आरोपी मानाराम (38) बाड़मेर के चवा गांव का निवासी और जसाई गांव के महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में ग्रेड थर्ड शिक्षक है। दोनों की जान-पहचान अक्टूबर 2024 में फेसबुक के जरिए हुई थी, जिसके बाद उनकी दोस्ती गहरी हो गई। मुकेश कुमारी, जो तलाकशुदा थी, ने अगस्त 2024 में शादी के लिए अखबार में विज्ञापन दिया था, जिसके जवाब में मानाराम ने उससे संपर्क किया था। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई और रिश्ता आगे बढ़ा।