बॉयफ्रेंड की कार को 3400 बार चूमा, वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने थमा दिया ₹5500 का चालान
ग्वालियर में एक प्रेमिका ने 'विदेशी ट्रेंड' से प्रभावित होकर अपने प्रेमी की कार को 3,400 लिपस्टिक के निशानों से सजा दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल होने और कुछ नया करने की चाहत में लोग अक्सर नियमों की अनदेखी कर बैठते हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमिका का अपने प्रेमी के लिए किया गया 'रोमांटिक जेस्चर' (Romantic Gesture) काफी महंगा साबित हुआ। प्रेमिका ने अपनी दीवानगी जाहिर करने के लिए प्रेमी की कार को लगभग 3,400 लिपस्टिक के निशानों से सजा दिया। लेकिन यह विदेशी ट्रेंड ट्रैफिक पुलिस को रास नहीं आया और कार मालिक को भारी जुर्माना भरना पड़ा।
कैसे शुरू हुआ यह 'लिपस्टिक स्टंट'?
ग्वालियर के सिटी सेंटर इलाके में पिछले दो दिनों से एक अनोखी कार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। इस पूरी कार पर लाल रंग की लिपस्टिक के निशान (Lipstick marks) बने हुए थे। सड़क पर चलते हुए जिसने भी इस कार को देखा, वह हैरान रह गया। जल्द ही इस कार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
