चूरू में गैस कटर से ATM काट ले गए बदमाश, CCTV पर किया काला स्प्रे; 4 लाख रुपए लेकर फरार
राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर में अंबेडकर सर्किल के पास हिसार रोड स्थित हिताची कंपनी के एटीएम को बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाश गैस कटर से एटीएम काटकर करीब 4 लाख रुपए की नकदी ले गए।
राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर कस्बे में देर रात एटीएम चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अंबेडकर सर्किल के पास हिसार रोड पर लगे हिताची कंपनी के एटीएम को बदमाशों ने गैस कटर से काटकर उसमें रखी लाखों रुपए की नकदी पार कर दी। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों पर काला स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, यह एटीएम हिताची कंपनी और स्थानीय संचालक की साझेदारी में संचालित किया जा रहा था। एटीएम संचालक नवनीत कुमार जांगिड़ ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे एटीएम बंद किया था। उस समय सब कुछ सामान्य था और एटीएम पूरी तरह सुरक्षित था।
सुबह करीब 8 बजे जब वह वापस एटीएम पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। एटीएम मशीन का निचला हिस्सा गैस कटर से काटा हुआ था और नकदी रखने वाले सभी दराज खाली पड़े थे। एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों पर भी काला स्प्रे किया गया था, जिससे साफ है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे।