नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश पड़ी भारी, पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा, करोड़ों के नशे के साथ तस्कर गिरफ्तार!
बालोतरा जिले की कल्याणपुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की ब्रेजा कार से 62 किलो 430 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने पीछा कर जोधपुर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है।
जिले में नशे के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कल्याणपुर थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की ब्रेजा कार का पीछा कर उसमें सवार एक तस्कर को दबोचा है। कार की सघन तलाशी में 62 किलो 430 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिल्मी स्टाइल में पीछा कर तस्कर को दबोचा
बालोतरा एसपी राजेश कुमार कांवत के निर्देशानुसार जिले भर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशाखोरी पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी हरफूल सिंह और डीएसपी योगेश चौधरी के सुपरविजन में कल्याणपुर एसएचओ अनु चौधरी की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
सूचना के आधार पर जब टीम डोली साहिबनगर-डोली क्षेत्र में नाकाबंदी कर रही थी, तभी एक संदिग्ध बिना नंबर की ब्रेजा कार वहां पहुंची। पुलिस ने जब चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह घबरा गया और नाकाबंदी तोड़कर कार को तेजी से भगाने लगा। मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और पीछा करते हुए कुछ ही दूरी पर कार को रुकवा लिया।