जयपुर में बिजनेसमैन की पत्नी से दिनदहाड़े चेन लूट, चाकू दिखाकर बदमाश फरार
जयपुर के मानसरोवर इलाके में सुबह मंदिर जा रही बिजनेसमैन की पत्नी से एक बदमाश ने चाकू दिखाकर सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।



राजधानी जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक बदमाश ने सुबह मंदिर जा रही 57 वर्षीय महिला को चाकू दिखाकर धमकाया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

किरण पथ निवासी 57 वर्षीय भावना शनिवार सुबह करीब 7:13 बजे घर से पास स्थित मंदिर के लिए निकली थीं। रास्ते में उन्होंने गली में खड़ी गाय को रोटी खिलाई और जैसे ही आगे बढ़ीं, पीछे-पीछे चल रहा एक युवक उनके पास पहुंच गया। आरोपी ने चाकू दिखाकर उन्हें रोक लिया और कुछ समझ पातीं उससे पहले उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली।
वारदात के बाद भावना ने शोर मचाया और बदमाश का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होने के कारण आरोपी मौके से भाग निकला। छीना-झपटी के दौरान चेन का लॉकेट टूटकर नीचे गिर गया, जिसे महिला ने बाद में उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी चेन छीनकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पीड़िता ने रविवार को मानसरोवर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच कर रहे एसआई मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़िता भावना के पति प्रतापनगर क्षेत्र में एक बुक स्टोर संचालित करते हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके के लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने सुबह के समय भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और गश्त तेज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।











































