50 लाख में खरीदा स्कूल लेक्चरर का पेपर, SOG ने आरोपी को किया गिरफ्तार
राजस्थान SOG ने स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक मामले में विनोद कुमार जाट उर्फ विनोद रेवाड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 50 लाख रुपए में लीक पेपर खरीदकर अभ्यर्थियों को मोटी रकम लेकर पढ़ाया और सरकारी नौकरी दिलाने का आरोप है। जांच में वरिष्ठ अध्यापक और SI भर्ती परीक्षा पेपर लीक से भी उसके संबंध सामने आए हैं।
जयपुर। राजस्थान में स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विनोद कुमार जाट उर्फ विनोद रेवाड़ (45) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने करीब 50 लाख रुपए में लीक प्रश्नपत्र खरीदकर अभ्यर्थियों को मोटी रकम लेकर पढ़ाया और सरकारी नौकरी दिलाने का काम किया। SOG ने उसे गुरुवार को चौमूं के बराला हॉस्पिटल के पास से गिरफ्तार किया। अदालत ने आरोपी को 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
SOG के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पेपर लीक गिरोह के सरगना अनिल कुमार मीणा उर्फ शेर सिंह ने तत्कालीन RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा से करीब 60 लाख रुपए में प्रश्नपत्र हासिल किए थे। इसके बाद कृषि विज्ञान, अर्थशास्त्र, भूगोल और शारीरिक शिक्षा विषयों के सॉल्व प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले चुनिंदा अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए।
50 लाख में खरीदा पेपर, 7 लाख लेकर कराया चयन