11 वर्षीय छात्र से छेड़छाड़ का आरोपी डांस टीचर गिरफ्तारः केस दर्ज होते ही हुआ फरार, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में छिपता रहा
सीकर पुलिस ने 11 वर्षीय छात्र से छेड़छाड़ के आरोपी डांस टीचर को गिरफ्तार किया है। घटना स्कूल हॉस्टल में हुई थी, लेकिन डर के कारण बच्चे ने लंबे समय तक किसी को नहीं बताया। परिजनों को जानकारी मिलने पर मामला दर्ज कराया गया। केस दर्ज होने के बाद आरोपी तमिलनाडु समेत कई राज्यों में फरार रहा, जिसे ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर घर लौटने पर गिरफ्तार कर लिया गया।



सीकर। सीकर पुलिस ने 11 वर्षीय नाबालिग छात्र से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे एक डांस टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद वह राजस्थान छोड़कर तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में छिपकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और घर लौटते ही उसे दबोच लिया।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर कैलाश चंद यादव ने बताया कि 12 अप्रैल 2026 को पीड़ित बच्चे के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका 11 वर्षीय बेटा एक निजी स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र है और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। स्कूल में कार्यरत एक डांस टीचर बच्चों को डांस सिखाने का काम करता था।
आरोप है कि डांस टीचर ने एक दिन बच्चे को अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद बच्चा काफी डर गया और उसने किसी को भी इस बारे में कुछ नहीं बताया। वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा, लेकिन भय के कारण लंबे समय तक चुप रहा।
कुछ समय बाद स्कूल की छुट्टियां होने पर छात्र अपने घर पहुंचा। परिजनों ने देखा कि वह पहले की तुलना में काफी गुमसुम और सहमा हुआ रहने लगा है। जब परिवार वालों ने उससे बार-बार पूछताछ की तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी डांस टीचर फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के विभिन्न इलाकों में छिपकर रह रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।











































