5 घंटे शव के पास बैठा रहा लिव-इन पार्टनर; सुबह नॉर्मल होकर फ्लैट से निकला
जयपुर के पत्रकार कॉलोनी में वारदात। 35 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की भारी वस्तु से वार कर हत्या। आरोपी युवराज 5 घंटे शव के साथ रहा, फिर फरार हो गया।



राजधानी जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहां एक 9वीं मंजिल के फ्लैट में टिफिन सेंटर चलाने वाली 35 वर्षीय महिला की उसके लिव-इन पार्टनर युवराज ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब 5 घंटे तक डेडबॉडी के साथ ही फ्लैट में मौजूद रहा और सुबह 6:30 बजे बड़ी चालाकी से फोन पर बात करते हुए बिल्डिंग से बाहर निकल गया, ताकि किसी को शक न हो।
रात 1:30 बजे हुआ था झगड़ा
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान युवराज ने किसी भारी वस्तु से महिला के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब 10 बजे जब ग्राहकों तक टिफिन नहीं पहुंचा, तो लोगों ने फ्लैट पर जाकर चेक किया। अंदर महिला का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए।
2 दिन पहले ही साथ खा रहे थे आइसक्रीम
इस घटना ने सोसाइटी के लोगों को भी हैरत में डाल दिया है। निवासियों के मुताबिक, युवराज और मृतका पिछले दो साल से साथ रह रहे थे और उनके बीच सब कुछ सामान्य लगता था। वारदात से महज दो दिन पहले ही दोनों को बिल्डिंग के नीचे साथ में हंसते-बोलते और आइसक्रीम खाते हुए देखा गया था।
गार्ड से शुरू किया था टिफिन सेंटर का सफर
सोसाइटी के सेक्रेटरी प्रमोद सिंह ने बताया कि मृतका करीब डेढ़ साल पहले इसी बिल्डिंग में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती थी। 6 महीने तक यह काम करने के बाद उसने टिफिन सेंटर खोल लिया। जिस फ्लैट में हत्या हुई, वहीं से दोनों मिलकर यह सेंटर चलाते थे। महिला खाना बनाती थी, जबकि युवराज दिन में 'रैपिडो' बाइक चलाता था और शाम को टिफिन की डिलीवरी करता था।
दोनों थे शादीशुदा, परिवार था अनजान
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी दोनों मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले हैं और दोनों ही पहले से शादीशुदा थे। महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें से 8 साल का बड़ा बेटा ननिहाल में और 5 साल का छोटा बेटा उसके साथ रहता था। वहीं, युवराज भी अपनी पत्नी से अलग रह रहा था और उसके भी दो बच्चे हैं। महिला की मौत की खबर सुनकर जयपुर पहुंचे उसके भाई और परिजनों ने बताया कि उन्हें इस लिव-इन रिलेशनशिप के बारे में कोई भनक नहीं थी।
आरोपी की तलाश तेज
पत्रकार कॉलोनी थाना प्रभारी (SHO) कविता यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी युवराज की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हत्या की असल वजह क्या थी और वो 5 घंटे शव के पास बैठकर क्या करता रहा।












































