मुझे चाय का कप समझा’ — लिव-इन पार्टनर के धोखे से आहत GST इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या
कनिष्ठ लिपिक प्रकाश स्वामी ने प्रेम में धोखा मिलने पर आत्महत्या की, सुसाइड नोट में प्रेमिका ममता स्वामी और उसके प्रेमी विष्णु शर्मा को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रेम में मिले धोखे ने एक सरकारी कर्मचारी की जिंदगी छीन ली। कोटा के सिविल लाइंस इलाके में कनिष्ठ लिपिक प्रकाश स्वामी ने आत्महत्या कर ली। मृतक ने अपने सुसाइड नोट में अपनी प्रेमिका ममता स्वामी और उसके नए प्रेमी विष्णु शर्मा को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। दोनों आरोपी गुजरात में जीएसटी इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों की शिकायत के बाद कोटा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक व्यक्ति ने खिड़की से प्रकाश को मृत अवस्था में देखा
पुलिस के अनुसार, यह दुखद घटना कोटा के सिविल लाइंस इलाके में हुई। मृतक प्रकाश स्वामी मूल रूप से अलवर का रहने वाला था और कोटा में रहकर कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत था। नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति ने खिड़की से प्रकाश को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मोर्चरी में रखवाया। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया।
सुसाइड नोट में छिपा है दर्द
प्रकाश स्वामी ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, "मुझे चाय का कप समझा, काम खत्म होने पर फेंक दिया।" इस नोट में उन्होंने अपनी प्रेमिका ममता स्वामी और उसके नए प्रेमी विष्णु शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि ममता ने प्रकाश को धोखा दिया, जिसके चलते वह इस सदमे को सहन नहीं कर पाया।