50 फीट पीछे चल रहे थे साथी, आगे आई बेकाबू बोलेरो ने 3 श्रद्धालुओं को बेरहमी से रौंदा
जोधपुर के शेरगढ़ में फलोदी मेगा हाईवे पर रामदेवरा जा रहे 3 पैदल यात्रियों को एक बेकाबू बोलेरो ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चाचा-भतीजा शामिल हैं। परिजन 50 लाख मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर हैं।
राजस्थान के जोधपुर जिले में गुरुवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रामदेवरा (जैसलमेर) दर्शन के लिए पैदल जा रहे तीन श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में चाचा-भतीजे सहित तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना शेरगढ़ थाना क्षेत्र में शेरगढ़-फलोदी मेगा हाईवे पर भूंगरा के पास रात करीब 11:30 बजे की है।
50 फीट पीछे चल रहे साथियों ने आंखों के सामने देखी मौत
हादसे का शिकार हुए युवकों के साथ उनके दो अन्य साथी नरपत राम और उदाराम भी रामदेवरा जा रहे थे। नरपत राम ने बताया कि वे कुल 5 लोग रात 10 बजे तेना-नाथासर गांव से निकले थे। नरपत और उदाराम मृतकों से करीब 50 फीट पीछे चल रहे थे। तभी अचानक एक बेकाबू बोलेरो आई और आगे चल रहे तीनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। पीछे होने के कारण दोनों साथियों की जान बाल-बाल बच गई।