सीमेंट टैंकर में छिपाकर ले जाई जा रही थी 80 लाख की अवैध शराब, ड्राइवर हिरासत में
एक सीमेंट टैंकर से 80 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की, जो हरियाणा से गुजरात ले जाई जा रही थी। ड्राइवर को हिरासत में लिया गया और जांच जारी है।
सीकर की गोकुलपुरा थाना पुलिस और डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गोकुलपुरा थाना क्षेत्र में एक सीमेंट टैंकर को पकड़ा, जिसमें 800 से ज्यादा कार्टन अवैध शराब भरी हुई थी। इस शराब की अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। टैंकर हरियाणा के जींद से गुजरात ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने टैंकर के ड्राइवर को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई, चतुराई से पकड़ा गया टैंकर
गोकुलपुरा थाना पुलिस को डीएसटी इंचार्ज वीरेंद्र यादव और कांस्टेबल हरीश के जरिए खुफिया सूचना मिली थी कि एक सीमेंट टैंकर में अवैध शराब की बड़ी खेप हरियाणा के जींद से गुजरात ले जाई जा रही है। यह टैंकर गोकुलपुरा क्षेत्र से होकर गुजरने वाला था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस और डीएसटी ने रामू का बास तिराहे के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध टैंकर को रोक लिया।
जब पुलिस ने टैंकर की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब के कार्टन बरामद हुए। टैंकर को गोकुलपुरा थाने लाया गया, जहां कटर की मदद से उसे काटकर शराब के कार्टन निकाले गए। इनमें ऑल सीजन, रॉयल स्टैग जैसी पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के कार्टन शामिल थे, जिन्हें गुजरात में सप्लाई किया जाना था।