राजस्थान में नौकरी का सुनहरा मौका: 13,250 से ज्यादा पदों पर वैकेंसी, आज से शुरू आवेदन!
राजस्थान में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान सरकार ने प्रदेश में 28 विभिन्न पदों पर 13,250 से अधिक रिक्तियों की घोषणा की है। यह भर्तियां राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) के माध्यम से संविदा आधार पर आयोजित की जा रही हैं, जिसमें 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया आज, 2 अप्रैल 2025 से शुरू हो चुकी है और 1 मई 2025 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rsmssb.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जून में परीक्षा, नवंबर तक रिजल्ट
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 1 मई 2025 तक पूरी होने के बाद जून में परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न पदों के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) 2 जून से 12 जून 2025 तक निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के बाद जून और जुलाई में आंसर-की जारी की जाएगी, जिसके खिलाफ अभ्यर्थी अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। सभी औपचारिकताओं के बाद, बोर्ड 13 नवंबर 2025 तक सभी भर्तियों का अंतिम परिणाम घोषित कर देगा।