एक मौत की खबर... और बुझ गई दूसरी जिंदगी! एक ही घर से एक साथ उठीं दो अर्थियां, हर किसी की आंखें हुईं नम
दौसा के लालसोट में हुई एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया। नई बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से युवक की मौत हुई, लेकिन असली दर्दनाक मोड़ तब आया जब छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही बड़े भाई ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। आखिर हादसा कैसे हुआ और एक ही परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ कैसे टूट पड़ा?
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। नई बिजली लाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से निजी कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं, छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही बड़े भाई को इतना गहरा सदमा लगा कि उन्हें हार्ट अटैक आ गया और उनकी भी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और दोनों भाइयों की अर्थियां एक साथ उठीं।
लालसोट क्षेत्र के संवासा जीएसएस से 11 केवी की नई बिजली लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। रविवार को अलवर जिले के कठूमर क्षेत्र के तसई गांव निवासी जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू (28) निजी कंपनी के कर्मचारी के रूप में नई लाइन पर तार डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान नई लाइन ऊपर से गुजर रही पुरानी बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। पुरानी लाइन में बिजली सप्लाई चालू होने के कारण नई लाइन में भी करंट दौड़ गया और जितेंद्र उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही झांपदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लालसोट जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया।