सब्जी का ठेला लगाकर कलाकारों ने बेचे 'पेपर', जयपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में अनोखा प्रदर्शन

जयपुर के मालवीय नगर में आयोजित 'रंगों से समर्थन' लाइव पेंटिंग कार्यक्रम में 25 से अधिक कलाकारों ने सोनम वांगचुक के समर्थन में चित्र बनाकर शिक्षा सुधार, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को उठाया। कार्यक्रम में एक कलाकार ने सब्जी विक्रेता बनकर सरकारी भर्ती परीक्षाओं के 'पेपर बेचने' का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया, जिसने पेपर लीक मामलों पर तीखा व्यंग्य करते हुए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

Mohit Parihar
Mohit Parihar Verified Public Figure • 11 Jun, 2026Sub Editor
July 16, 2026 • 7:55 PM  5
र
राजस्थान
NEWS CARD
Logo
सब्जी का ठेला लगाकर कलाकारों ने बेचे 'पेपर', जयपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में अनोखा प्रदर्शन
“सब्जी का ठेला लगाकर कलाकारों ने बेचे 'पेपर', जयपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में अनोखा प्रदर्शन”
Favicon
Read more onthekhatak.com/s/ca5574
16 Jul 2026
https://thekhatak.com/s/ca5574
Google News
Copied
सब्जी का ठेला लगाकर कलाकारों ने बेचे 'पेपर', जयपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में अनोखा प्रदर्शन

जयपुर। राजधानी जयपुर में गुरुवार को कलाकारों ने सामाजिक सरोकारों और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर अनोखे अंदाज में अपनी आवाज बुलंद की। मालवीय नगर स्थित करी लीफ कैफे में आयोजित 'रंगों से समर्थन' लाइव पेंटिंग सेशन में 25 से अधिक कलाकारों ने कैनवास और कागज पर चित्र बनाकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों को कला के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम में शामिल कलाकारों ने अपने-अपने अंदाज में सोनम वांगचुक के व्यक्तित्व, उनके संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को चित्रों में उकेरा। किसी कलाकार ने उन्हें युवाओं की उम्मीद के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया तो किसी ने पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था और जवाबदेही की आवश्यकता को रंगों और प्रतीकों के जरिए अभिव्यक्त किया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में युवा, कला प्रेमी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग पहुंचे और कलाकारों की पेंटिंग्स को करीब से देखा।

सब्जी के ठेले पर 'पेपर बेचने' का प्रतीकात्मक प्रदर्शन बना आकर्षण

कार्यक्रम का सबसे चर्चित आकर्षण एक कलाकार की व्यंग्यात्मक प्रस्तुति रही। कलाकार ने सब्जी विक्रेता का रूप धारण कर ठेले पर आलू, प्याज, टमाटर और मिर्च के साथ सरकारी भर्ती परीक्षाओं के 'पेपर बेचने' का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। हाथ में माइक लेकर वह विभिन्न सरकारी भर्तियों के नाम पुकारते हुए पेपर की बोली लगाती नजर आई। इस प्रस्तुति के जरिए राज्य में सामने आए पेपर लीक मामलों और भ्रष्टाचार पर तीखा कटाक्ष किया गया। वहां मौजूद लोगों ने इस अनोखे प्रदर्शन की सराहना की और इसे व्यवस्था पर प्रभावी व्यंग्य बताया।

पेंटिंग्स में दिखी युवाओं के भविष्य की चिंता

कई कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स में भ्रष्टाचार, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और युवाओं के भविष्य को प्रमुख विषय बनाया। कलाकारों का कहना था कि यदि शिक्षा व्यवस्था निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं होगी तो लाखों युवाओं के सपने प्रभावित होंगे। उनका मानना है कि कला केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद स्थापित करने का एक प्रभावशाली माध्यम भी है।

आयोजकों ने बताया उद्देश्य

आयोजन की संयोजक विनीता ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सोनम वांगचुक के शांतिपूर्ण आंदोलन और शिक्षा सुधार की मांग के प्रति एकजुटता व्यक्त करना है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक लगातार पेपर लीक जैसे मामलों में जवाबदेही तय करने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठा रहे हैं। इसी उद्देश्य से कलाकारों ने रंगों के माध्यम से उनकी आवाज को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और ऐसे समय में समाज के हर वर्ग को अपनी संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। कलाकारों ने अपनी कला को आंदोलन का माध्यम बनाते हुए यह संदेश दिया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पूरे समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

Mohit Parihar

Mohit Parihar Verified Public Figure • 11 Jun, 2026Sub Editor

Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.

Digital Archives

homeHomeamp_storiesWeb Storieslocal_fire_departmentTrendingplay_circleVideosmark_email_unreadNewsletter