नदियां उफान पर, कई बांध हुए फुल... 8 जिलों में अलर्ट जारी
राजस्थान में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। लगातार बारिश से धौलपुर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, वहीं भरतपुर, कोटा और झालावाड़ में कई बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। मौसम विभाग ने 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में मानसून की वापसी ने एक बार फिर अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सवाई माधोपुर के खंडार में सर्वाधिक 102 मिमी (करीब 4 इंच) बारिश दर्ज की गई। वहीं, करौली, भरतपुर और अलवर के कई इलाकों में 3 इंच तक पानी बरसा है। अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, टोंक, सीकर, कोटा और भीलवाड़ा में भी 1 से 2 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
धौलपुर में आसमानी आफत, शहर से लेकर गांव तक त्राहिमाम
लगातार 4 दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण धौलपुर जिले में हालात बेकाबू हो गए हैं। शहर की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियां पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। पानी आबादी वाले इलाकों और घरों में घुसने से लोगों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।