आज से फिर करवट लेगा मौसम, 7 सितंबर तक इन जिलों में झमाझम बारिश
राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 7 सितंबर तक जयपुर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर चलेगा। जानिए आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
राजस्थान में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगस्त की विदाई के बाद अब सितंबर महीने की शुरुआत में ही प्रदेशवासियों को मानसून की मेहरबानी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में आज से सितंबर की पहली बारिश दर्ज की जा सकती है। प्रदेश में 7 सितंबर तक मानसून के पूरी तरह से सक्रिय रहने की प्रबल संभावना है, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
भरतपुर और जयपुर संभाग से होगी नए दौर की शुरुआत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बन रहे नए वेदर सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बारिश का एक नया दौर शुरू होने जा रहा है। आज (2 सितंबर) से भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।