'हनीट्रैप' में जेल काटकर लौटी नर्स ने सुनाई नामी अस्पताल की वो दास्तान! डॉक्टर और मैनेजर पर गैंगरेप का आरोप
राजस्थान के बाड़मेर में एक निजी अस्पताल की नर्स ने डॉक्टर, मैनेजर और स्टाफ पर रेप, ब्लैकमेल और यौन शोषण का मामला दर्ज करवाया है। इससे पहले डॉक्टर ने नर्स पर हनीट्रैप का केस दर्ज कराया था।



राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी अस्पताल में काम करने वाली महिला नर्स ने अस्पताल के मालिक (डॉक्टर), मैनेजर और अन्य स्टाफ पर यौन शोषण, रेप और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में एक बड़ा ट्विस्ट यह भी है कि आरोपी डॉक्टर ने कुछ महीने पहले इसी नर्स के खिलाफ हनीट्रैप का मामला दर्ज करवाकर उसे जेल भिजवा दिया था। अब जेल से बाहर आने के बाद पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।
गुरुवार शाम को महिला थाने में इस संबंध में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश शुरू कर दी है।
चेंजिंग रूम में सीक्रेट कैमरे से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
पीड़िता द्वारा महिला थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, वह लंबे समय से इस निजी अस्पताल में बतौर नर्स काम कर रही थी। आरोप है कि अस्पताल के मालिक और डॉक्टर ने एक महिला की डिलीवरी के दौरान चेंजिंग रूम में सीक्रेट कैमरा लगा दिया था। जब नर्स वहां कपड़े बदल रही थी, तब उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए गए। बाद में डॉक्टर ने इन वीडियो को दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू किया और अवैध संबंध बनाने का दबाव डाला।
लेबर रूम से खींचकर ले गए, बच्चों को मारने की दी धमकी
एफआईआर में दर्ज आरोपों के मुताबिक, जनवरी 2024 में जब नर्स नाइट ड्यूटी पर थी, तब उसे लेबर रूम से जबरन खींचकर एक कमरे में ले जाया गया। वहां डरा-धमका कर और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान भी आरोपियों ने वीडियो बनाए। विरोध करने पर पीड़िता को उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके चलते वह लंबे समय तक खामोश रही और उसका लगातार यौन शोषण होता रहा।
नौकरी छोड़ी तो डॉक्टर ने दी सुसाइड की धमकी
लगातार हो रहे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने 4 मार्च को अस्पताल जाना बंद कर दिया और डॉक्टर को इस बारे में मैसेज भी किया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर सीधा उसके घर पहुंच गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। दबाव और डर के कारण उसे वापस अस्पताल की ड्यूटी जॉइन करनी पड़ी, लेकिन वहां मारपीट और अश्लील वीडियो भेजने का सिलसिला जारी रहा।
डॉक्टर विदेश गया, तो मैनेजर और स्टाफ ने किया गैंगरेप
नर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मई 2026 में आरोपी डॉक्टर एक महीने के लिए विदेश यात्रा पर गया हुआ था। इस दौरान 10 मई 2026 को अस्पताल के मैनेजर और दो अन्य लोगों ने उसे डराया-धमकाया और उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। चीख-पुकार सुनकर जब एक अन्य महिला स्टाफ उसे बचाने आई, तो आरोपियों ने उसे भी नौकरी से निकालने की धमकी देकर चुप करा दिया।
भाई को बताई सच्चाई, तो डॉक्टर ने दर्ज करा दिया 'हनीट्रैप' का केस
अत्याचार की हदें पार होने के बाद नर्स ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना अपने भाई और अस्पताल के कुछ स्टाफ को बताई। आरोप है कि जब इस बात की भनक डॉक्टर को लगी, तो उसने खुन्नस में आकर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
इतना ही नहीं, खुद को बचाने के लिए डॉक्टर ने 22 जुलाई 2026 को उल्टे नर्स के खिलाफ ही ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब दो महीने बाद 30 सितंबर को नर्स जमानत पर जेल से बाहर आई और 8 अक्टूबर को उसने महिला थाने पहुंचकर अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी कहानी पुलिस को बताई।
पुलिस का क्या कहना है?
बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश आर्य ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, "महिला थाने में एक नर्स की शिकायत पर अस्पताल के डॉक्टर, मैनेजर और अन्य स्टाफ के खिलाफ रेप और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया गया है। चूंकि मामला गंभीर है, इसलिए इसकी जांच महिला सेल की एएसपी (ASP) को सौंपी गई है। फिलहाल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है, जिसके बाद कोर्ट में उसके धारा 164 के तहत बयान दर्ज किए जाएंगे। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"











































