हाईटेंशन लाइन टूटने से पति-पत्नी और 15 मवेशियों की दर्दनाक मौत
बाड़मेर के खीपसर गांव में मवेशियों के बाड़े पर हाईटेंशन लाइन गिरने से एक दंपती और 15 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। बिजली विभाग की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों का धरना जारी है।



राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। नागाणा थाना इलाके के खीपसर गांव में खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर मवेशियों के बाड़े पर गिर गया। इस भीषण हादसे में 15 मवेशियों (भेड़-बकरियों) के साथ-साथ उन्हें बचाने गए खेत मालिक और उसकी पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
आंखों के सामने तड़प रहे थे मवेशी, बचाने में गई जान
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे रावताराम (45) और उनकी पत्नी वीरों देवी (41) अपने खेत पर काम कर रहे थे। पास ही बाड़े में 15 भेड़-बकरियां बंधी थीं। अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बाड़े पर आ गिरा, जिससे पूरे बाड़े में करंट फैल गया। मवेशियों को तड़पता देख रावताराम उन्हें बचाने के लिए बाड़े में भागे। जैसे ही उन्होंने वहां लगे लोहे के जाल को छुआ, वे भी करंट की चपेट में आ गए। पति को छटपटाते देख पत्नी वीरों देवी उन्हें बचाने दौड़ीं, लेकिन वे भी इस जानलेवा करंट की चपेट में आ गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जीएसएस पर नहीं मिला कोई कर्मचारी, भड़के ग्रामीण
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिजली कटवाने के लिए खीपसर जीएसएस पर फोन किया, लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके बाद लोगों ने डिस्कॉम के अन्य कर्मचारियों से संपर्क कर किसी तरह लाइट बंद करवाई। बिजली विभाग की इस लापरवाही को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह 11 बजे से ही मौके पर धरना शुरू कर दिया है।
तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस दुखद घटना ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। मृतक दंपती के पीछे अब उनके तीन बच्चे रह गए हैं, जिनमें दो बेटे हरजीराम (22) और विष्णा राम (20) तथा एक बेटी साजियों (18) शामिल हैं। माता-पिता का साया एक साथ उठ जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस और प्रशासन की समझाइश जारी
धरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। बायतु डीएसपी दीपेंद्र सैनी ने बताया कि फिलहाल पुलिस टीम आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर मामले को शांत करने और सहमति बनाने का लगातार प्रयास कर रही है।













































