टिफनी ट्रम्प ने जैसलमेर दौरा पूरा कर जामनगर के लिए भरी उड़ान, सोनार किला व राजस्थानी संस्कृति से हुईं प्रभावित
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प अपने पति माइकल बोलोस और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ जैसलमेर प्रवास के बाद चार्टर विमान से जामनगर के लिए रवाना हो गईं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प ने अपने पति माइकल बोलोस के साथ राजस्थान के जैसलमेर का दौरा पूरा कर लिया है। सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे दोनों विशेष चार्टर विमान से गुजरात के जामनगर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे।
जैसलमेर प्रवास के दौरान टिफनी ट्रम्प ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण किया, जिसमें विश्व प्रसिद्ध सोनार किला प्रमुख रहा। इसके अलावा उन्होंने सूर्यगढ़ होटल में राजस्थानी आतिथ्य और लोक संस्कृति का अनुभव लिया। उनकी यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, एयरपोर्ट से लेकर होटल और पर्यटन स्थलों तक पुलिस बल तैनात रहा।
टिफनी ट्रम्प ने अपनी यात्रा के अनुभव सोशल मीडिया पर भी साझा किए, जिसमें सोनार किला, सूर्यगढ़ होटल और पारंपरिक राजस्थानी स्वागत की तस्वीरें और वीडियो शामिल थे। उन्होंने राजस्थानी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत घूमर और कालबेलिया नृत्य का भी आनंद लिया और उसे रिकॉर्ड कर अपने इंस्टाग्राम व X (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट किया।