जेल से बाहर आते ही फिर शुरू की ड्रग्स तस्करी, 324 किलो डोडा-चूरा जब्त
बाड़मेर में एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से 324.47 किलो अवैध डोडा-चूरा जब्त किया। कार्रवाई के दौरान तस्कर जोगेंद्र फरार हो गया। आरोपी पहले भी ड्रग्स तस्करी में जेल जा चुका है, लेकिन बाहर आने के बाद फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया था। पुलिस और एएनटीएफ की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
एएनटीएफ की दबिश से मचा हड़कंप, पिकअप छोड़ फरार हुआ तस्कर जोगेंद्र
बाड़मेर में एक बार फिर नशा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप गाड़ी से 324.47 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल जा चुका है, लेकिन बाहर आते ही उसने फिर से नशे के कारोबार को शुरू कर दिया।
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि टीम ने पहले “ऑपरेशन विषयुग्म” के तहत तस्कर जोगेंद्र को गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से राजस्थान के मारवाड़ इलाके में सक्रिय होकर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई शुरू कर दी। आरोपी व्यापार की आड़ में नशे का नेटवर्क चला रहा था और मध्यप्रदेश व गुजरात से मारवाड़ तक मादक पदार्थ पहुंचाने का काम करता था।