भीलवाड़ा में किराना व्यापारी पर बेखौफ बदमाशों की लूट: स्कूटी और 4 लाख रुपये छीनकर 40 सेकंड में फरार, 4 महीने पहले भाई से भी छीने थे 10 लाख
भीलवाड़ा के शास्त्री नगर में रात करीब 11 बजे किराना व्यापारी नारायण दास मंगनानी को 5 बदमाशों ने घेरकर उनकी एक्टिवा स्कूटी छीन ली, जिसमें 4 लाख रुपये रखे थे। विरोध करने पर उन्हें सड़क पर घसीटा गया। पूरी वारदात मात्र 40 सेकंड में हुई और बदमाश फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। 4 महीने पहले उनके भाई से भी 10 लाख रुपये लूटे गए थे। पुलिस जांच जारी।
भीलवाड़ा (राजस्थान)। शहर में अपराधियों की बेखौफी बढ़ती जा रही है। कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर इलाके में सोमवार रात करीब 11 बजे एक किराना व्यापारी के साथ बड़ी लूट की घटना हुई। बदमाशों ने व्यापारी को सड़क पर घसीटा, उसकी एक्टिवा स्कूटी छीन ली जिसमें करीब 4 लाख रुपये रखे थे, और मात्र 40 सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पूरी घटना साफ-साफ दर्ज है।
पीड़ित व्यापारी का नाम नारायण दास मंगनानी (55 वर्ष) है। उनकी बाजार नंबर दो में 'जगदीश स्टोर' नाम से किराना की दुकान है। नारायण दास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दोपहर वे घर से 3 लाख रुपये लेकर बैंक जमा कराने निकले थे, लेकिन समय न मिलने के कारण राशि जमा नहीं करा सके। बाद में दुकान की नकदी मिलाकर कुल करीब 4 लाख रुपये उन्होंने अपनी एक्टिवा स्कूटी में रख लिए।
दुकान बंद करने के बाद वे गोल प्याऊ चौराहे से घर की ओर निकले। दुकान के पास से ही बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। नारायण दास को शक हुआ, लेकिन लगा कि शायद युवक भी शास्त्री नगर की ही तरफ जा रहे हैं। शक होने पर उन्होंने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन बदमाश बाइकों पर सवार होकर पीछा करते रहे और शास्त्री नगर सेक्टर-ए में उन्हें घेर लिया।