13 जिला परिषद सीटों पर फंसा पेंच, कल वोट डालने से पहले जरूर देखें ये लिस्ट
बाड़मेर जिले में 13 जिला परिषद वार्डों और 7 पंचायत समितियों की 109 सीटों के लिए बुधवार को मतदान होगा। 500 बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 82 केंद्र संवेदनशील घोषित। जानिए चुनावी गणित और उम्मीदवारों की पूरी सूची।



बाड़मेर जिले में पंचायत और जिला परिषद चुनावों के दूसरे और अंतिम चरण का रण पूरी तरह सज चुका है। बुधवार सुबह 7 बजे से 13 जिला परिषद वार्डों और 7 पंचायत समितियों की 109 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। मंगलवार को ही पीजी कॉलेज बाड़मेर से मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
500 मतदान केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट
उप निर्वाचन अधिकारी और एडीएम रविंद्र कुमार के अनुसार, दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 500 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 499 नियमित बूथ हैं, जबकि बाड़मेर पंचायत समिति में एक सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है। इस चरण में 7 पंचायत समितियों के साथ-साथ 206 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पद के लिए भी वोट डाले जाएंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 500 सक्रिय और 83 आरक्षित पोलिंग पार्टियां मुस्तैद हैं।
82 बूथ संवेदनशील, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
प्रशासन ने चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी है। जिले में 82 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
प्रत्येक पोलिंग बूथ पर दो पुलिस कांस्टेबल तैनात रहेंगे।
हर ग्राम पंचायत स्तर पर तीन पुलिसकर्मियों का जाब्ता मौजूद रहेगा।
तीन ग्राम पंचायतों पर एक अधिकारी और पुलिस मोबाइल पार्टी निगरानी करेगी।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर पंचायत समिति में करीब 60 जवानों का रिजर्व बल भी रखा गया है।
चुनाव संपन्न कराने उतरी भारी-भरकम टीम
जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बताया कि इस व्यापक चुनावी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 2915 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें पीठासीन अधिकारी से लेकर चतुर्थ मतदान अधिकारी तक शामिल हैं। सरपंच और पंच चुनावों के लिए 206 सक्रिय और 41 आरक्षित रिटर्निंग अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।
पहले चरण में 23 जिला परिषद वार्डों और 10 पंचायत समितियों के लिए मतदान हो चुका है, जिसमें वार्ड संख्या 4 से एक सदस्य निर्विरोध चुना गया है।
7 पंचायत समितियों का चुनावी गणित
दूसरे चरण में 7 पंचायत समितियों की कुल 109 सीटों पर 345 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं:
जिला परिषद (13 वार्ड) के प्रमुख उम्मीदवार
जिला परिषद की 13 सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के बीच कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है:












































